गुरुवार, 30 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

सीएम साय ने नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर यूनिट की रखी आधारशिला, चिप्स तैयार करेगी कंपनी

11 अप्रैल, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम साय ने नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर यूनिट की रखी आधारशिला, चिप्स तैयार करेगी कंपनी

सीएम साय ने नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर यूनिट की रखी आधारशिला, चिप्स तैयार करेगी कंपनी

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर निर्माता कंपनी पोलीमैटेक इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट की आधारशिला रखी। यह कंपनी सेमीकंडक्टर चिप बनाती है। कंपनी छत्तीसगढ़ में 1,143 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ा कारखाना स्थापित करेगी। डेढ़ लाख वर्ग फीट में प्लांट बनेगा। 

    

प्लांट में वर्ष 2030 तक 10 अरब चिप्स तैयार किया जाना है।जिनका उपयोग टेलीकॉम, 6जी और 7जी, लैपटॉप और पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स में किया जाएगा। इस प्लांट की स्थापना से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है कि छत्तीसगढ़ में पहले सेमीकंडक्टर संयंत्र की स्थापना का भूमिपूजन हुआ है।


नई औद्योगिक नीति में सेमीकंडक्टर उद्योग को विशेष प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति में सेमीकंडक्टर उद्योग को विशेष प्रोत्साहन दिए गए हैं। इससे कंपनी को यहां निवेश में निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि विश्व के जो भी देश विकसित हुए हैं, उन्होंने तकनीक के क्षेत्र में मेहनत की है। अनुसंधान किया है और ऐसा वातावरण बनाया है जिससे तेज़ी से तकनीकी प्रगति संभव हो पाई। अब 6जी और 7जी तकनीक भी आ रही है और खुशी है कि इनके लिए आवश्यक चिप्स हमारे देश में ही तैयार होंगे। नवा रायपुर, अटल नगर में हमारे इंजीनियर इन्हें बनाएंगे।


डेढ़ लाख वर्ग फीट भूमि कराई उपलब्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत कम समय में उद्योग विभाग और एनआरडीए ने कंपनी के लिए नवा रायपुर के सेक्टर-5 में डेढ़ लाख वर्ग फीट भूमि उपलब्ध कराई। एनआरडीए ने 45 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर भूमि आबंटित की और 25 दिनों से कम समय में लीज डीड पंजीकरण का कार्य भी संपन्न हुआ। यह पहल विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में अत्यंत कारगर साबित होगी। नवा रायपुर निश्चित ही छत्तीसगढ़ की सिलिकॉन वैली के रूप में उभरेगा, और इसकी शुरुआत आज के भूमिपूजन से हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने इस संयंत्र में कार्य करने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र भी अपने हाथों से प्रदान किए।


10,000 करोड़ रुपये के निवेश का भी प्रस्ताव दिया

भूमिपूजन अवसर पर पोलीमैटेक कंपनी के एमडी ईश्वर राव ने मुख्यमंत्री साय को राज्य सरकार की तत्परता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पॉवर मॉड्यूल फेब्रिकेशन प्लांट स्थापित करने के लिए 10,000 करोड़ रुपए के निवेश का भी प्रस्ताव दिया। इस संयंत्र के माध्यम से ट्रांजिस्टर, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के क्षेत्र में नई ऊँचाई प्राप्त होगी। इससे राज्य में 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।


इनकी रही उपस्थिति

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, एनआरडीए के सीईओ सौरभ कुमार, सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें