शनिवार, 25 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

सीएम साय ने अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का किया शुभारंभ, पढ़ाई के लिए बालिकाओं को मिलेंगे 30 हजार रुपए वार्षिक

10 सित, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai

Cm vishnu dev sai

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा मिलने से हमारी पीढ़ियां शिक्षित होती हैं। प्रदेश सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 

योजना के तहत प्रदेश के शासकीय विद्यालयों से 10वीं और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाली नियमित छात्राएं पात्र होंगी। जो छात्राएं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक के प्रथम वर्ष या डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में देश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में प्रवेश लेंगी, उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। 30 हजार रुपए वार्षिक दिया जाएगा। योजना का लाभ पाने के लिए वेबसाइट

https://azimpremjifoundation.org/what-we-do/education/azim-premji-scholarship

पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। साथ ही, क्यूआर कोड स्कैन कर भी आवेदन किया जा सकता है।

 

 

हजारों बेटियों को अपने सपनों को साकार करने का मिलेगा अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को बधाई दी और कहा कि इस छात्रवृत्ति योजना से हजारों बेटियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ का चहुंमुखी विकास हुआ है और इसमें बेटियों ने भी अपनी भूमिका निभाकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। बेटियां आर्थिक दिक्कतों के कारण अपनी पढ़ाई अधूरी न छोड़ें, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है। यह योजना प्रदेश में बालिकाओं की उच्च शिक्षा में नामांकन दर को और अधिक बढ़ाने में सहायक होगी।

 

स्कॉलरशिप से अपनी उच्च शिक्षा जारी रख पाएंगी बेटियां 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ संकल्प को यह स्कॉलरशिप आगे बढ़ाएगी। इसके माध्यम से शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाली निम्न आय वर्ग की छात्राओं को विशेष रूप से मदद मिलेगी और वे अपनी उच्च शिक्षा जारी रख पाएंगी। उन्होंने कहा कि जब बेटियां पढ़ती हैं तो वे केवल दो परिवारों को ही नहीं बल्कि पूरी पीढ़ियों को शिक्षित करती हैं। उन्होंने सभी महाविद्यालयों में इस योजना की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

दो चरणों में स्वीकार किए जाएंगे आवेदन 

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन दो चरणों में स्वीकार किए जाएंगे। पहला चरण 10 से 30 सितंबर 2025 और दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2026 तक। फाउंडेशन की ओर से छात्रवृत्ति योजना की पूरी प्रक्रिया निशुल्क संचालित की जाएगी। यदि योजना से संबंधित किसी प्रकार की धोखाधड़ी या शिकायत की जानकारी हो, तो उसे

scholarship@azimpremjifoundation.org

पर भेजा जा सकता है।

 

इनकी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, आयुक्त उच्च शिक्षा संतोष देवांगन, संचालक तकनीकी शिक्षा विजय दयाराम के., अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के स्टेट हेड सुनील शाह उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें