गुरुवार, 30 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

सीएम साय ने प्रधानमंत्री के समक्ष बस्तर विकास के मास्टर प्लान का रखा खाका

18 मार्च, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम साय ने प्रधानमंत्री के समक्ष बस्तर विकास के मास्टर प्लान का रखा खाका

सीएम साय ने प्रधानमंत्री के समक्ष बस्तर विकास के मास्टर प्लान का रखा खाका

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने छत्तीसगढ़ के विकास संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बस्तर विकास के मास्टर प्लान का खाका पीएम के समक्ष प्रस्तुत किया। जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की रूपरेखा शामिल थी।

      

पीएम मोदी ने इस योजना पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। साथ ही राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।सीएम साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सुरक्षा बलों की संगठित रणनीति और जनभागीदारी के चलते नक्सल प्रभावित इलाकों में तेजी से बदलाव आ रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस और केंद्रीय बलों के संयुक्त प्रयासों से कई नक्सल गढ़ों में विकास की किरण पहुंची है, जिससे जनता का विश्वास सरकार की योजनाओं में और मजबूत हुआ है।

   

सीएम ने प्रधानमंत्री को बताया कि सरकार का अब पूरा ध्यान बस्तर को नए औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने पर है, जिससे युवाओं को रोजगार और आदिवासी समुदायों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।


निवेशकों की बढ़ती रुचि से अवगत कराया

पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य की नई औद्योगिक नीति और निवेशकों की बढ़ती रुचि की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेश को आसान बनाने के लिए सरकार ने सिंगल विंडो क्लीयरेंस, टैक्स छूट और अनुकूल नीतियों को लागू किया है, जिससे बड़ी कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आकर्षित हो रही हैं।


महिला स्वयं सहायता समूहों को किया जा रहा मजबूत

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया जा रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। बस्तर की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। बस्तर के महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए

मुख्यमंत्री ने बताया कि लघु वनोपज, जैविक कृषि, हथकरघा, बांस उद्योग और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित कर महिलाओं को न केवल आजीविका के साधन मिल रहे हैं, बल्कि वे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बना रही हैं। इसके अलावा, स्टार्टअप्स और छोटे उद्योगों के माध्यम से बस्तर की महिलाओं को उत्पादन और विपणन से जोड़ने की पहल की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राज्य की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकें।


प्रधानमंत्री के 30 मार्च को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की रूपरेखा साझा की

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मार्च को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की रूपरेखा साझा की। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें