
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। सीएम साय ने कार्यक्रम को लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से प्रधानमंत्री के आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामान्य नागरिकों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम, जल संरक्षण, पोषण और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रयासों को प्रमुखता देकर प्रदेश को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
सीएम विष्णु देव साय ने कोरिया जिले के जल संरक्षण के ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ और ‘हर घर मुनगा’ जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विकास और जनभागीदारी के प्रेरक उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि शांति, विश्वास और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा बस्तर अपनी युवा प्रतिभाओं और जनजातीय संस्कृति से नई पहचान बना रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में ‘वोकल फॉर लोकल’, खादी, प्राकृतिक खेती, नदियों के पुनर्जीवन, ई-संजीवनी, डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न और अंगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही स्वच्छता, सामाजिक एकता और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में विकसित छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका है। इसके लिए जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण जरूरी है। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

