
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के दौरान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पारंपरिक विष्णु भोग चावल की तारीफ की। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो देख लोग चावल खरीदने के लिए उत्पादकों तक सीधे पहुंच रहे हैं। विष्णु भोग चावल की लोकप्रियता बढ़ने लगी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मरवाही विकासखंड की ग्राम पंचायत निमधा में आयोजित जनचौपाल के दौरान स्थानीय किसानों और महिला समूहों की ओर से उपजाए गए विष्णु भोग चावल की विशेष सराहना की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। इसी वीडियो को देखकर रायपुर निवासी अजय कुमार इस पारंपरिक चावल की विशेषताओं और गुणवत्ता से इतने प्रभावित हुए कि वे अपने साथियों के साथ सीधे गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले पहुंच गए।
ग्राहकों ने 50 किलोग्राम विष्णु भोग चावल की खरीदी की
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पहुंचे ग्राहकों ने कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन की विशेष उपस्थिति में तिपान महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से सीधे 50 किलोग्राम विष्णु भोग चावल की खरीदी की। इस खरीदी की कुल कीमत 7 हजार रुपए रही। रायपुर से आए ग्राहकों ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से उत्पाद की तारीफ किए जाने के बाद ही उनकी रुचि इस चावल के प्रति जगी थी और वे खुद इसकी सुगंध और स्वाद का अनुभव करना चाहते थे। उन्होंने भविष्य में भी इस चावल की खरीदी जारी रखने की बात कही।
विशिष्ट सुगंध, बेहतरीन स्वाद के लिए पहचाना जाता है विष्णु भोग चावल
तिपान महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है। विष्णु भोग चावल विशिष्ट सुगंध, बेहतरीन स्वाद और उच्च गुणवत्ता के लिए पहचाना जाने वाला विष्णु भोग चावल अब सिर्फ एक स्थानीय फसल नहीं, बल्कि जिले की कृषि समृद्धि और महिला उद्यमिता का एक सफल ब्रांड बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री की इस अनूठी पहल से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीदें काफी मजबूत हो गई हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

