
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बैंक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तैयार विशेष लोगो का विमोचन किया। उन्होंने बैंक के प्रतिनिधियों से बस्तर व सरगुजा सहित ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में मजबूत और सर्वसुलभ बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि गांवों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ने से नागरिकों को ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। बैंकिंग नेटवर्क का विस्तार किसानों, युवाओं, छोटे कारोबारियों और महिला स्व-सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तीकरण में मददगार होगा। वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के साथ सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को भी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकास के नए दौर में है और उद्योग, व्यापार, कृषि, सेवा तथा उद्यमिता के क्षेत्र में संभावनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी प्रदेश के आर्थिक विकास और वित्तीय समावेशन को गति दे सकती है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि एचडीएफसी बैंक आने वाले वर्षों में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में अपनी पहुंच और मजबूत करेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

