
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को बसना विकासखंड के गढ़फुलझर में सिख समाज की ओर से आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। उन्होंने ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े गढ़फुलझर को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानकसागर साहिब गुरुद्वारे के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। सर्व सुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के इस धरती पर आगमन की स्मृतियां गढ़फुलझर की ऐतिहासिक पहचान हैं। तत्कालीन राजा भैंना की ओर से पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग क्षेत्र की उदारता और धार्मिक सद्भाव की परंपरा को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सिख, कोलता, आदिवासी सहित विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सरकार इसका समग्र विकास कर इसे महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, सेवा और करुणा के संदेश को मानव कल्याण का मार्ग बताते हुए कहा कि 'सरबत दा भला' की भावना सभी के सुख और कल्याण के लिए काम करने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारों की लंगर परंपरा सामाजिक समानता और भाईचारे का अनुपम उदाहरण है। कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित सिख समाज और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

