सोमवार, 14 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

बारिश में सड़कों की बदहाली पर सीएम विष्णुदेव साय सख्त, कलेक्टरों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश

14 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
बारिश में सड़कों की बदहाली पर सीएम विष्णुदेव साय सख्त, कलेक्टरों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में बारिश के दौरान निर्माणाधीन एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही आवागमन की परेशानी को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण कर त्वरित सुधार कार्य सुनिश्चित कराएं।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी से संबंधित वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर मौके की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का आवश्यक समतलीकरण कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।


सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव अथवा किसी अन्य कारण से आवागमन प्रभावित होने या दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।


मानसून में सड़क को चलने योग्य बनाए रखना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां निर्माण कार्य जारी हैं अथवा बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित सभी आवश्यक अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने के बावजूद सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए हर आवश्यक उपाय किए जाएं।


सभी निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय अथवा किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कलेक्टरों को निर्माणाधीन सड़कों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा सड़क निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बारिश के बाद निर्माण कार्यों में लाई जाए तेजी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण एवं स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और गुणवत्ता से समझौता किए बिना समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक आवागमन की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें