
भोपाल। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में आम के पेड़ की छांव में चौपाल लगाई। खाट पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष फीडबैक लिया। ग्रामीणों और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची की मांग पर जिले में नर्सिंग कॉलेज, ग्राम निमधा में मिनी स्टेडियम व सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार की ओर से 1 मई से 10 जून तक पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। शासन खुद गांवों तक पहुंचकर जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव है, उनका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जबकि अन्य मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याएं उठाई। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी ली और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को भरोसा दिया कि बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
राजस्व निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी दी
राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित राजस्व निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। मुख्यमंत्री के इस स्पष्ट संदेश से सुशासन और जवाबदेही के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई।
अब करोड़पति दीदी बनना होना चाहिए लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों को आर्थिक प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य केवल लखपति बनना नहीं, बल्कि करोड़पति दीदी बनना होना चाहिए। महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त होने वाली राशि से मिल रही सहूलियत की जानकारी दी।
जल्द ही शुरू की जाएगी सीएम हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा की कि प्रदेश में जल्द ही सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के तत्काल और समयबद्ध निराकरण के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है।
दोना-पत्तल में परोसे गए व्यंजनों का लिया स्वाद
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने विष्णु भोग चावल, ब्लैक राइस, शहद, पापड़ और लड्डू जैसे स्थानीय उत्पादों की आकर्षक टोकरी मुख्यमंत्री को भेंट की। मुख्यमंत्री ने सरई के दोना-पत्तल में परोसे गए स्थानीय व्यंजनों- जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत, आम की चटनी और आमपना का स्वाद भी लिया।
‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले की स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की प्रेरणादायक सफलता कहानियों पर आधारित ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, आत्मविश्वास, परिश्रम और सफलता का जीवंत दस्तावेज है, जो हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करेगी।
जन संवाद के दौरान इनकी रही मौजूदगी
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

