रविवार, 28 जून 2026
Logo
Chhattisgarh

मुंगेली जिले के सुदूर वनांचल गांवों में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लगाई जनचौपाल, कहा- वनांचलों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

28 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुंगेली जिले के सुदूर वनांचल गांवों में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लगाई जनचौपाल, कहा- वनांचलों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के अचानकमार क्षेत्र के सुदूर वनांचल गांवों-जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही और बम्हनी, कटामी और अचानकमार में जनचौपाल लगाई। ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। शासन की योजनाओं की जमीनी स्थिति पता की और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनांचलों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। 


ग्राम जमुनाही में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपए दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिवतराई से केवची तक बहुप्रतीक्षित सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है। वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं बिजराकछार से औरापानी सड़क को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। 


ग्रामीणों की ओर से बिजली व पेयजल की समस्या उठाए जाने पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जमुनाही में सड़क की मरम्मत, गांव में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, देवभूमि में हैंडपंप स्थापना की घोषणा की। पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी की। मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपए, गणेश चौक में गणेश पंडाल के शेड निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण का सर्वे पूरा हो चुका है और कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। उन्होंने जनचौपाल के दौरान पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश देने के साथ ही स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित किए।


सुरही में 5 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की

सुरही में उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सुरही में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। ग्राम बम्हनी में जनचौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गांव के 111 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा 206 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र प्रयास करने का भरोसा दिलाया।


पानी व बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्राम कटामी और छपरवा में हैंडपंप व पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बिंदावल में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा की। पानी व बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जनचौपालों में मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार और वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें