
रायपुर। उपमुख्यमंत्री व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया। एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक दिया गया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को भी सम्मानित किया। मधु सिदार और गीता यादव को 11.12 -11.12 लाख रुपए का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता भी प्रदान की गई। खिलाड़ियों के साथ उनके परिजनों को भी शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह की हॉकी लीग आयोजित होगी। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है और इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान से जुड़े होंगे।
ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का किया उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने इसी केंद्र में अपनी प्रतिभा को निखारा और मेहनत, अनुशासन व दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन विकसित करने का जरिया भी है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के साथ खेल अधोसंरचना मजबूत कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
6 करोड़ रुपए से सुविधाओं का किया जा रहा विकास
समारोह की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। उन्होंने बताया कि बहतराई जिला खेल परिसर में करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। करीब 3 करोड़ रुपए से वातानुकूलन और अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 करोड़ रुपए की खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

