गुरुवार, 27 अगस्त 2026
Logo
Chhattisgarh

उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- नशामुक्त युवा ही बनाएंगे विकसित भारत

27 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- नशामुक्त युवा ही बनाएंगे विकसित भारत
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एनआईटी रायपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ में उपमुख्यमंत्री व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत बनाएंगे। 


देशभर में आयोजित कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वर्चुअली संबोधित किया। कार्यक्रम से करीब 1600 स्थानों के 8 लाख से अधिक युवा जुड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति व खेलशक्ति को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार देश में आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जिसमें प्रतिभाओं की पहचान से लेकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जा रही है।


उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं से कहा कि सफलता के पीछे कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास जरूरी है। असफलता से निराश होकर नशे की ओर बढ़ना किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकता है। युवाओं को अपनी कमियों को दूर कर पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।


खेल कठिन परिस्थितियों से जूझना, दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना सिखाता है: तिलक वर्मा

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल कठिन परिस्थितियों से जूझना, दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना, टीम भावना और मानसिक मजबूती सिखाता है। यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं से पहल के साथ जिम्मेदारी और ओनरशिप की भावना विकसित करने का आह्वान किया।


युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई

‘युवा संवाद’ में खेल अधोसंरचना, खेल सुविधाओं के विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत के लिए युवा सशक्तीकरण जैसे मुद्दों पर सुझाव दिए गए। कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में एनआईटी निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित एनआईटी के प्राध्यापक, खिलाड़ी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें