
रायपुर। बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारी मजबूत हो रहे हैं। प्रदेश में अब तक 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को 282 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने प्रदेश के छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती देने के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है। अब छोटे कारोबारियों की मेहनत की कमाई साहूकारों के ब्याज में खर्च होने के बजाय कारोबार बढ़ाने, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की खुशहाली में काम आ रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट के दौरान पथ विक्रेताओं की आजीविका की परेशानी को समझते हुए वर्ष 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की। बिना गारंटी आसान ऋण मिलने से लाखों छोटे कारोबारियों को फिर से अपना व्यवसाय खड़ा करने और उसका विस्तार करने का अवसर मिला है।
डिजिटल लेन-देन अपनाने की अपील
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण मिल सकता है। साथ ही डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन और 30 हजार रुपये तक की यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने हितग्राहियों से नियमित भुगतान कर योजना के अगले चरण का लाभ लेने और डिजिटल लेन-देन अपनाने की अपील की।
स्मार्ट ठेला पंजीयन शुरू, मिले साउंड बॉक्स
महोत्सव में उपमुख्यमंत्री ने स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ किया और पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को पहचान पत्र मिलने से उनके व्यवसाय को नई पहचान मिलेगी और कामकाज में सुविधा होगी। इस दौरान हितग्राहियों को यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स वितरित किए गए। सफल पथ विक्रेताओं और उनके प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
20 नवंबर को दिल्ली में मिलेगा सम्मान
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर को देश में दूसरा और छोटे शहरों की श्रेणी में बिल्हा को पहला स्थान मिला है। अब पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को 20 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय नगरीय निकायों, बैंकर्स, अधिकारियों और हितग्राहियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं
महोत्सव में सफल हितग्राहियों की प्रेरक कहानियों पर वीडियो प्रदर्शित किया गया। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी। स्वनिधि चौपाल में हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया।
छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक संबल
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत ने भी योजना को छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक संबल बताया। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बैंकर्स से ऋण प्रक्रिया सरल बनाने और छोटे उद्यमियों को सहयोग देने की अपील की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

