
रायपुर। बर्खास्त बीएड डिग्री धारक शिक्षकों को जल्द सहायक अध्यापक (विज्ञान प्रयोगशाला) के पद पर समायोजन किया जाएगा। इसके लिए 17 जून से रायपुर में काउंसलिंग शुरू होगी। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से काउंसलिंग के संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
समायोजन की प्रक्रिया ओपन काउंसलिंग के माध्यम से की जाएगी। काउंसलिंग 17 जून से शुरू होकर 26 जून 2025 तक चलेगी। शासकीय शिक्षा महाविद्यालय परिसर, शंकर नगर, रायपुर में काउंसलिंग कराई जाएगी। इस संबंध में तैयारी चल रही हैं। काउंसिलिंग में कुल 2621 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। इन अभ्यर्थियों के समायोजन के लिए राज्य के 29 जिलों के स्कूलों में 2621 रिक्त पद निर्धारित किए गए हैं।
दो पाली में कराई जाएगी काउंसलिंग
काउंसिलिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए इसे दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम पाली में 150 और द्वितीय पाली में 150 अभ्यार्थियों की काउंसलिंग कराई जाएगी। इस तरह से प्रतिदिन कुल 300 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी।
विभाग की वेबसाइट पर सूची देख सकते हैं अभ्यर्थी
काउंसलिंग में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों की सूची स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट
https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित हों।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

