सोमवार, 28 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

युवाओं को नौकरी तक सीमित न रखें, विचारों को उद्यम में बदलने का साहस करें: रमेन डेका

28 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
युवाओं को नौकरी तक सीमित न रखें, विचारों को उद्यम में बदलने का साहस करें: रमेन डेका
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से नौकरी पाने तक सीमित सोच रखने के बजाय अपने विचारों को उद्यम में बदलने का साहस करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छा विचार, सही मार्गदर्शन और उपयुक्त तकनीक मिलकर नवाचार को सफल स्टार्टअप में बदल सकते हैं, जो आगे चलकर दूसरों के लिए भी रोजगार का माध्यम बनता है।


राज्यपाल रमेन डेका इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, मिलेट, जैविक खेती, पशुपालन और जनजातीय उत्पादों के क्षेत्र में नवाचार की व्यापक संभावनाएं हैं। 


राज्यपाल ने कहा कि ऐसे नवाचारों पर जोर दिया जाना चाहिए, जो किसानों की लागत घटाएं, उत्पादन व गुणवत्ता बढ़ाएं, फसल नुकसान कम करें और उन्हें बेहतर बाजार व मूल्य दिलाने में मदद करें।


स्टार्टअप शुरू करने से पहले ये कदम उठाने की दी सलाह 

राज्यपाल ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने से पहले बाजार सर्वेक्षण, मांग का आकलन, स्पष्ट योजना और रोडमैप तैयार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उद्यमिता के लिए प्रशिक्षण और परिश्रम के साथ प्रबंधन क्षमता तथा वित्तीय समझ भी जरूरी है। शिक्षा के साथ कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने किचन गार्डन और बाड़ी की अवधारणा को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। 


युवा नवाचारी उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टॉलों को देखा 

राज्यपाल ने युवा नवाचारी उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल, आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश, एनआईटी के निदेशक डॉ. समीर बाजपेई सहित अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्यमी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें