
रायपुर। महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सोमवार को अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के निमोरा और धुसेरा आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने ने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान को बढ़ावा देते हुए मुनगा के पौधे लगाए। साथ ही महिलाओं को पौधे वितरित किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर को आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना की थी। अभियान को आगे बढ़ते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं और परिवारों से मुनगा के पौधों को घर की बाड़ी या उपयुक्त स्थान पर लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुनगा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उपयोगी पौधा है, जिसे घरों और पोषण वाटिकाओं तक पहुंचाकर परिवारों को पौष्टिक आहार के एक अतिरिक्त स्रोत से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट वितरित की और न्योता भोज में पौष्टिक भोजन कराया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छोटे बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास के लिए परिवार तथा आंगनबाड़ी केंद्र का निरंतर जुड़ाव जरूरी है। उन्होंने माताओं से स्थानीय दाल, हरी सब्जियों समेत पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बच्चों के भोजन में शामिल करने और आंगनबाड़ी की सेवाओं का नियमित लाभ लेने की अपील की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

