
रायपुर। ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में बिजली विस्तार कार्य स्वीकृत किया गया है। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बिजली पहुंचेगी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से बजट मंजूर हुआ है।
महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से 11.62 करोड़ रुपए की लागत से सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और मोहल्लों तक विद्युत सुविधा पहुंचाई जाएगी, जिससे हजारों ग्रामीण परिवार लाभान्वित होंगे। स्वीकृत कार्यों में विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के लगभग 109 मोहल्लों/पारों, विकासखंड ओड़गी के 32 गांवों के लगभग 68 मोहल्लों/पारों तथा विकासखंड सूरजपुर के 29 गांवों के लगभग 53 मोहल्लों/पारों में विद्युत विस्तार किया जाएगा।
यह परियोजना विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां अब तक पर्याप्त बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि आधारित गतिविधियों तथा ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है: लक्ष्मी राजवाड़े
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह स्वीकृति भटगांव विधानसभा के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

