
रायपुर। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को महानदी मंत्रालय भवन में सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रदेश में रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति, भंडारण और किसानों को वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को सुगमता से रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सहकारी समितियों की है। किसानों की डिमांड को देखते हुए समितियों में नियमित रूप से खाद का भंडारण और वितरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में अन्य उर्वरकों के उपयोग के लिए जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े। निजी क्षेत्र की दुकानों में किसी भी तरीके की गड़बड़ी न हो इस पर भी कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए। उर्वरकों को निर्धारित दाम से अधिक मूल्य पर बेचने और कालाबाजारी की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
10.72 लाख मीट्रिक टन खाद के भंडारण का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि खरीफ सीजन 2025 के लिए सहकारिता के लिए 10.72 लाख मीट्रिक टन खाद के भंडारण का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 4.10 लाख मीट्रिक टन का भंडारण हुआ है, जो कि लक्ष्य का 38.23 फीसदी है। किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों का वितरण जारी है। 31 मई की स्थिति में 1.57 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण किसानों को किया जा चुका है। सहकारी समितियों में वर्तमान में 2.52 लाख मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारी समितियों के गठन के निर्देश
मंत्री केदार कश्यप ने सहकारिता को मजबूत करने और ग्रामीणों, किसानों को इसका लाभ पहुंचाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारी समितियों के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता से समृद्धि के लिए यह जरूरी है। बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में 11650 ग्राम पंचायतें है, जिनमें 2058 पैक्स, 1958 मत्स्य, 1009 दुग्ध तथा 1055 लघु वनोपज सहकारी समितियां पंजीकृत है। राज्य की 8611 सहकारी समिति विहीन ग्राम पंचायतों का चिन्हांकन कर युक्तियुक्त करते हुए 1279 अतिरिक्त ग्राम पंचायतों को आच्छादित किया गया है। इस वर्ष 1175 दुग्ध, 120 मत्स्य तथा 532 पैक्स के गठन का लक्ष्य है।
4.90 लाख किसानों को 2,441 करोड़ रुपए का वितरित किया ऋण
बैठक में खरीफ वर्ष 2025 के लिए ऋण वितरण की भी गहन समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि इस साल 7800 करोड़ रुपए के ऋण वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 4.90 लाख किसानों को 2441 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया जा चुका है। अधिकारियों को 30 जून तक सभी सहकारी समितियों का ऑडिट पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

