
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सरिया अंचल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजपुर 132 केवी विद्युत परियोजना, अमृत मिशन, पेयजल व्यवस्था और जल स्तर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित विभागों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने और जिन स्वीकृत कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनकी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने को कहा।
मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को सरिया क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी और आवश्यक अभिलेख तैयार रखने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व, नगरीय प्रशासन, जल संसाधन, लोक निर्माण, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
100 बिस्तरों के अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज पर जोर
समीक्षा बैठक में नर्सिंग कॉलेज और 100 बिस्तरों के अस्पताल के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। निर्माणाधीन सड़कों को भी तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

