
रायपुर। वित्तमंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने आज जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नमन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया।
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता व स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। साथ ही जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया।
वित्तमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका संघर्ष सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक अस्मिता और जनजातीय अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है।
ओपी चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, कृष्णा राय, भरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

