शुक्रवार, 04 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

रायगढ़ के विकास कार्यों का वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लिया जायजा, बोले- एक-दो साल में बदलेगी शहर की तस्वीर

04 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
रायगढ़ के विकास कार्यों का वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लिया जायजा, बोले- एक-दो साल में बदलेगी शहर की तस्वीर
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायगढ़। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ की प्रमुख विकास परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण किया। उन्होंने ऑक्सीजोन, पुल, केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, नालंदा परिसर, खेल एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।


वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निरीक्षण की शुरुआत दूध डेयरी ऑक्सीजोन से की। इसके बाद गोवर्धनपुर केलो नदी पुल, खर्राघाट केलो रिवर फ्रंट, नालंदा परिसर, एसईसीएल रोड मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, मिनी स्टेडियम स्केटिंग रिंग, कौहाकुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्टेडियम और एफसीआई ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए जनप्रतिनिधि, प्रशासन, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। लक्ष्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि शहर की अधोसंरचना को मजबूत कर नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। 


वित्त मंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे काम तेजी और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो। उन्होंने कहा कि औद्योगिक शहर होने के बावजूद रायगढ़ में लंबे समय तक अपेक्षित अधोसंरचना विकसित नहीं हो सकी, जिसके कारण यातायात, भारी वाहनों, दुर्घटनाओं, धूल और प्रदूषण की समस्याएं बढ़ीं। अब इनके स्थायी समाधान के लिए बड़े अधोसंरचनात्मक कार्य योजनाबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं।


मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले एक-दो वर्षों में रायगढ़ के विकास की तस्वीर जमीन पर साफ दिखाई देगी। शहर को बेहतर सड़क, पुल, हरित क्षेत्र, आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं और मजबूत अधोसंरचना देने पर प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


रिंग रोड को बताया भविष्य की अहम परियोजना

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रिंग रोड को रायगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। पहले चरण में घरघोड़ा रोड को झारसुगुड़ा रोड से जोड़ने का काम प्रस्तावित है, जिस पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। भविष्य में रायगढ़ से घरघोड़ा तक सड़क को फोरलेन करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।




पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें