शनिवार, 21 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

जशपुर के 5 आदिवासी युवा अमेरिका की संस्था से लेंगे अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण

21 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
जशपुर के 5 आदिवासी युवा अमेरिका की संस्था से लेंगे अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

जशपुर। प्रदेश के जनजातीय अंचल जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (पीसीजीआई) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। 


दिसंबर में बेंगलुरु में होने वाले इस प्रशिक्षण में युवाओं को आधुनिक क्लाइंबिंग तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफल होने पर चार युवाओं को पीसीजीआई लेवल-1 और एक को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। इस उपलब्धि के साथ जशपुर मध्य भारत का पहला ऐसा पर्यटन स्थल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की टीम उपलब्ध होगी।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई पर प्रसन्नता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं की प्रतिभा और समुदाय की भागीदारी से जशपुर को वैश्विक साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा और स्थानीय प्रतिभाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।


2024 में शुरू हुई थी पहल

जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आदिवासी युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसमें माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था पहाड़ी बकरा एडवेंचर ने अहम भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का शुरुआती प्रशिक्षण दिया। निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के दम पर इन युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा साबित की।


हिमालय में बनाया 'विष्णु देव रूट'

इन युवाओं ने वर्ष 2025 के ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल आरोहण किया था। टीम ने इस दौरान नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसका नाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सम्मान में 'विष्णु देव रूट' रखा गया। वहीं, वर्ष 2026 में पर्वतारोही तेजल भगत को भारत के प्रमुख क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल HIMAL की ओर से प्रायोजन भी मिला।


स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और प्रमाणन से जशपुर में रॉक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को सुरक्षित और पेशेवर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षित युवा गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में अपने ही क्षेत्र में रोजगार हासिल कर सकेंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ जशपुर में साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें