
रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कोरबा प्रवास के दौरान गुरुवार को कहा कि वन महज पर्यावरण संरक्षण का आधार नहीं, बल्कि वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण साधन हैं। वनौषधियों से महिलाओं को रोजगार की नई राह मिलेगी।
वन मंत्री केदार कश्यप पाली विकासखंड के ग्राम डोंगानाला स्थित वनौषधि प्रसंस्करण केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने हरि बोल स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उनसे वनौषधियों के संग्रहण, प्रसंस्करण व उनसे तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समूह की ओर से तैयार उत्पादों को देखने के बाद महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों को वन आधारित आजीविका से जोड़ना आर्थिक सशक्तिकरण की मुख्य धुरी है। इससे व्यक्तियों और परिवारों को नियमित आय मिलती है, गरीबी कम होती है और समाज में उनका आत्मसम्मान बढ़ता है। यह कदम देश के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि वन संसाधनों का संरक्षण कर स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण व मूल्य संवर्धन किया जाए, तो रोजगार व आय के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
वनौषधियों व अन्य वन उत्पादों का उचित प्रसंस्करण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दे सकता है नई गति
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वनौषधियों और अन्य वन उत्पादों का उचित प्रसंस्करण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकता है। इससे वन आधारित उत्पादों को बेहतर मूल्य मिलेगा और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मेहनत, स्थानीय संसाधनों का ज्ञान और समूह के रूप में काम करने की क्षमता को उचित सहयोग मिले, तो ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की नई मिसालें तैयार की जा सकती हैं।
वनमंत्री ने चोटिया में हाथी नियंत्रण केंद्र का किया निरीक्षण
वन मंत्री ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के चोटिया स्थित हाथी नियंत्रण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हाथी मित्र दल के सदस्यों से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों, ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी आवाजाही और मानव-हाथी द्वंद्व की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने हाथी मित्र दल को मोटरसाइकिल और सुरक्षा किट दी। इससे वन क्षेत्रों में निगरानी, गश्त और हाथियों की गतिविधियों की समय पर सूचना देने की व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

