
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को महाप्रभु श्री जगन्नाथ के रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए। गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित महोत्सव में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर ‘छेरा-पहरा‘ की रस्म निभाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि ‘ राज्यपाल रमेन डेका के साथ श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी, भगवान बलभद्र व देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।’
मुख्यमंत्री ने लिखा कि रथयात्रा से पूर्व उन्हें 'छेरा पहरा' की दिव्य परंपरा का निर्वहन करने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। यह परंपरा हमें विनम्रता, सेवा और समर्पण सिखाती है। महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की असीम कृपा से हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, समृद्धि, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही प्रार्थना है।
महोत्सव में इनकी भी रही मौजूदगी
राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी ने श्री जगन्नाथ जी की विधिविधान से पूजा अर्चना की। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

