गुरुवार, 03 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा- दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए और प्रयास जरूरी

03 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा- दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए और प्रयास जरूरी
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ में अभी और व्यापक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री सहज और सुलभ रूप से उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने तकनीक के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के प्रयासों को सराहनीय और अनुकरणीय बताया।


राज्यपाल रमेन डेका से गुरुवार को लोक भवन में वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने टीम के सभी सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम की उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किए जाने पर उन्होंने सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


11 हजार से अधिक ऑडियो बुक तैयार करने का लक्ष्य

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम की ओर से दृष्टिबाधित व सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभिनव अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी। सुश्री शारदा अब तक स्वयं 1,800 से अधिक ऑडियो बुक तैयार कर चुकी हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ ऑडियो बुक तैयार करने के इस अभियान में योगदान दे रहे हैं।


समान अवसर-आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ऐसे प्रयासों को और व्यापक बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक इसका लाभ पहुंचना चाहिए।


चैनल को 8 लाख से अधिक बार देखा गया

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। चैनल पर अब तक 107 से अधिक प्लेलिस्ट तैयार की जा चुकी हैं और इसे 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें