
रायपुर। प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू करने के लिए और इसका प्रभावी प्रारूप तैयार करने की दिशा में गठित उच्च स्तरीय समिति की ओर से जगदलपुर के जिला कलेक्ट्रेट में बैठक व समूह चर्चा का आयोजन किया गया। मुख्य रूप से चार प्रमुख विषय-विवाह और तलाक, उत्तराधिकार एवं विरासत, भरण-पोषण और सहायता व लिव-इन संबंध पर मंथन किया गया।
बैठक के दौरान जगदलपुर और कोंडागांव जिले के प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रमुखों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न आयोगों व निगमों के पदाधिकारियों ने समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों और उनके सामाजिक प्रभावों पर व्यापक चर्चा की। इस परिचर्चा में समान नागरिक संहिता समिति के सदस्य एमके राऊत, सदस्य मोहन सिंह पवार, ज्योति रानी सिंह, समिति के सचिव श्याम धावड़े व कमिश्नर डोमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सुझावों को राज्य स्तर पर तैयार होने वाले ड्राफ्ट में किया जाना है शामिल
पूरी कार्यवाही का विधिवत दस्तावेजीकरण, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित की गई, जिससे प्राप्त सभी सुझावों को राज्य स्तर पर तैयार होने वाले ड्राफ्ट में शामिल किया जा सके। आम नागरिकों से सुझाव आमंत्रित करने हेतु वेब पोर्टल https://ucc.cgstate.gov.in/ और ucc-chhattisgarh@cg.gov.in भी जारी किया गया है। इच्छुक व्यक्ति अथवा संगठन नवीन सर्किट हाउस, सिविल लाइन्स, रायपुर स्थित समिति कार्यालय के पते पर या डिजिटल माध्यम से 30 अक्टूबर 2026 तक अपने विचार भेज सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

