
रायपुर। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए उत्तर बस्तर कांकेर के कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और संभावित वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अतिवृष्टि की स्थिति में नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। जलस्तर में वृद्धि होने पर इसकी सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने बाढ़ संभावित गांवों और क्षेत्रों की पहचान कर वहां पहले से जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही संवेदनशील और निचले इलाकों में सुरक्षित निकासी मार्गों का चिन्हांकन कर उन्हें तैयार रखने को कहा है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के विशेष निर्देश
कलेक्टर ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में वर्षा से धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों के धान का सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि संभावित बारिश से धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

