
रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की ओर से संचालित लखपति महिला पहल ने प्रदेश में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2023-26 के लिए छत्तीसगढ़ में 7.82 लाख ग्रामीण महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले अब तक 13.96 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 179 प्रतिशत है।
लखपति महिला पहल की राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की तृतीय बैठक मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश के 27 विभागों के अधिकारी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन ने बैठक में लखपति महिला पहल के तहत संचालित गतिविधियों और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर चर्चा हुई। महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों, स्वरोजगार और स्थायी आजीविका के साधनों से जोड़कर उनकी वार्षिक आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के प्रयासों को और गति देने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

