
रायपुर। छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से लैस होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग ने गूगल फॉर एजुकेशन के साथ एमओयू किया है। इसके तहत कॉलेजों में शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्यों में एआई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा।
पहले चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों और अधिकारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सोमवार को आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि एआई शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ रही है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक से मिलने वाली हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में उपयोग से पहले जानकारी का सत्यापन जरूरी है। उन्होंने कहा कि गूगल के साथ यह साझेदारी प्रदेश की उच्च शिक्षा में नवाचार, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में अहम साबित होगी।
शिक्षकों की कार्यक्षमता व शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने का माध्यम है एआई
मंत्री ने स्पष्ट किया कि एआई, शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने का माध्यम है। इसके जरिए शिक्षक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, जटिल विषयों को सरल बनाने, पाठ योजनाएं बनाने और विद्यार्थियों के मूल्यांकन व फीडबैक को अधिक प्रभावी बनाने में सक्षम होंगे। शोध कार्यों में भी एआई नई संभावनाएं खोलेगा।
तकनीक का इस्तेमाल पढ़ाई तक ही नहीं रहेगा सीमित
इस तकनीक का इस्तेमाल केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगा। कॉलेजों और विभागीय कार्यालयों में पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के विश्लेषण और अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी एआई की मदद ली जाएगी। इससे कामकाज में तेजी आएगी और समय की बचत होगी।
50 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण
प्रारंभिक कार्यशाला में उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे। जरूरत के मुताबिक ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी मिलेगी।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी और गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) ईशा पोरवाल जैन सहित विभागीय अधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

