शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
Logo
Chhattisgarh

इंस्पायर अवार्ड योजना से विद्यार्थियों में नवाचार व वैज्ञानिक सोच को मिल रहा प्रोत्साहन: गजेंद्र यादव

10 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
इंस्पायर अवार्ड योजना से विद्यार्थियों में नवाचार व वैज्ञानिक सोच को मिल रहा प्रोत्साहन: गजेंद्र यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रदेश के 40 चयनित विद्यार्थियों ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के इंस्पायर अवार्ड कार्यक्रम में सहभागिता की। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसे प्रदेश के लिए हर्ष का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। 


रायपुर के बीटीआई ग्राउंड परिसर स्थित एससीआरटी भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को अपने मौलिक विचारों पर काम करने और आविष्कारों को समाज के लिए उपयोगी बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उसे पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर देने की है। उन्होंने ड्रोन तकनीक, सौर ऊर्जा सहित दैनिक जीवन में उपयोगी आविष्कारों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ नवाचार करने की सीख दी।


कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि नवाचार केवल नई चीजों का आविष्कार करना नहीं, बल्कि पुराने कार्यों को नए और बेहतर तरीकों से करना भी है। विद्यार्थियों को प्रयोग करने, गलतियों से सीखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सफलता का आधार सामाजिक या ग्रामीण पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि क्षमता, मेहनत और सोच है। भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम है, जबकि वास्तविक महत्व विषय की समझ और कार्य करने की योग्यता का है।


इस अवसर पर इंस्पायर मानक प्रतियोगिता के तहत जुलाई में जापान जाकर सीखने का अवसर प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के पांच प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। जापान से लौटे रमन दास मानिकपुरी, समीक्षा साहू, सुनयना और शैयाद अली ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में लोक शिक्षण विभाग के संचालक श्री ऋतुराज रघुवंशी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।


10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

इंस्पायर-मानक अवार्ड योजना केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जाती है। इसके तहत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मौलिक विचारों पर आधारित प्रोजेक्ट या मॉडल विकसित करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारना और उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर प्रदान करना है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें