
रायपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बालोद के जिला कार्यक्रम अधिकारी किशन टंडन क्रांति को निलंबित कर दिया है। उन पर कर्तव्यों में घोर लापरवाही और विभागीय योजनाओं के संचालन में गंभीर अनियमितताओं का आरोप है। विभाग की ओर से निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 15 अप्रैल को बालोद में विभिन्न कार्यक्रमों का निरीक्षण किया था, जिसमें कई खामियां मिलीं। वहीं, मंत्री के निरीक्षण के जिला कार्यक्रम अधिकारी किशन टंडन जिला मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए। जबकि यह अपेक्षित था कि जिला कार्यक्रम अधिकारी खुद मंत्री के दौरे के समय उपस्थित रहकर कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी देंगे।
मंत्री के निरीक्षण के दौरान मिलीं ये कमियां
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पाररास (इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 18/1) में फर्जी उपस्थिति दर्ज पाई गई। पोषण ट्रैकर एप में अधूरी प्रविष्टियां मिलीं। सखी वन स्टॉप सेंटर की निष्क्रियता और करकाभांठ केंद्र में गंदगी जैसे कई गंभीर मुद्दे सामने आए। साथ ही, विभागीय बैठकों में नियमित अनुपस्थिति का आरोप भी किशन टंडन पर है।
मंत्री ने तत्काल कार्रवाई के दिए थे निर्देश
इन सभी खामियों को गंभीर मानते हुए मंत्री ने समीक्षा बैठक में नाराजगी जताई थी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी की कड़ी में किशन टंडन को निलंबित कर महिला एवं बाल विकास विभाग, बिलासपुर में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

