
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर महानदी बैराज, पुल और तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर-एसपी ने नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति के साथ सुरक्षा, राहत एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को तटीय और जलभराव संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण के अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राहत शिविर में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध
कलेक्टर और एसपी ने महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। शिविर में प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों को शिविर में रह रहे लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महानदी पुल पर आवागमन बंद
महानदी के पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमों को पुल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से तेज बहाव वाले पानी के पास नहीं जाने और प्रशासन द्वारा बंद किए गए मार्गों पर आवागमन नहीं करने की अपील की गई है।
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें सक्रिय
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात हैं और नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ जलभराव से होने वाली संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।
लोगों से की गई ये अपील
कलेक्टर-एसपी ने नागरिकों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने तेज बहाव के पास सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बंद किए गए मार्गों और स्थानों पर जाने का प्रयास नहीं करने की समझाइश दी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

