
रायपुर। प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार की ओर से 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित विशेष अभियान में जांजगीर-चांपा जिले ने छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अनिता अग्रवाल के मुताबिक 25 जून तक जिले में 863 पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 106.5 प्रतिशत उपलब्धि है।
जिला स्तर पर की गई सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा तथा सभी पर्यवेक्षकों को समय-समय पर दिए गए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समयबद्ध पंजीयन होने से पात्र हितग्राहियों को योजना के तहत वित्तीय सहायता का लाभ समय पर मिल रहा है। प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे कार्य के कारण होने वाली आय की आंशिक क्षति की भरपाई में भी सहायता मिल रही है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की ओर से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नवीन पात्र हितग्राहियों का पंजीयन लगातार जारी है, जिससे जिले का कोई भी पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के लाभ से वंचित न रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

