
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की लागत से पांच बड़े पुलों का निर्माण होगा।
प्रदेश सरकार ने पुलों के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। कुल 290 मीटर लंबाई के इन पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान नालों के कारण बाधित होने वाला आवागमन सुगम होगा। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें जशपुर के पांच पुल शामिल हैं। तकनीकी स्वीकृति के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
इन पांच स्थानों पर बनेंगे पुल
स्वीकृत कार्यों में डंगरी-दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर का पुल (3.56 करोड़ रुपये), जबला-नवापारा मार्ग पर 30 मीटर का पुल (1.83 करोड़ रुपये), कमरीमा मंझाटोली-खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर का पुल (4.04 करोड़ रुपये), बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर का पुल (3.52 करोड़ रुपये) और कुहापानी-बांसधार मार्ग पर 60 मीटर का पुल (3.07 करोड़ रुपये) शामिल है।
बारिश में नहीं थमेगी गांवों की रफ्तार
पुलों के निर्माण से किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। साथ ही ग्रामीण व्यापार, रोजगार और आजीविका की गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

