सोमवार, 07 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार, इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी: रमेन डेका

07 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार, इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी: रमेन डेका
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में सावित्रीबाई फुले कन्या छात्रावास का शुभारंभ किया। उन्होंने मेधा एआई एवं मीडिया शोध केंद्र का भी उद्घाटन किया। राज्यपाल ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है और इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है।


राज्यपाल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिला शिक्षा और नारी सशक्तिकरण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके नाम पर छात्रावास का नामकरण छात्राओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा देगा। यह छात्रावास दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी उच्च शिक्षा और प्रतिभा विकास में सहायक होगा।


राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण मीडिया और पत्रकारिता तेजी से बदल रही है। विश्वविद्यालय में स्थापित मेधा एआई एवं मीडिया शोध केंद्र विद्यार्थियों को नई तकनीकों की समझ विकसित करने और उनके जिम्मेदार उपयोग के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


समाचारों में तथ्य, सत्य और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए

राज्यपाल ने कहा कि समाचारों में तथ्य, सत्य और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी पुष्टि जरूरी है। सोशल मीडिया पर सूचनाओं के तेज प्रसार के बीच पत्रकारों को सत्यापन के बाद ही खबर प्रसारित करनी चाहिए। उन्होंने कहा, श्रेष्ठ पत्रकार वह नहीं जो सबसे पहले खबर दे, बल्कि वह है जो सही, तथ्यपरक और जिम्मेदारी के साथ खबर दे।


कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए 

इससे पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सानिध्य की स्मृतियां साझा कीं। कार्यक्रम में कुलपति मनोज दयाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। संचालन डॉ. आशुतोष मंडावी ने किया, जबकि आभार कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें