
रिपोर्ट: अतुल जैन
खनियाधाना। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने रविवार को मीडिया से कहा कि उनकी उपलब्धियां और तारीफ ही न लिखें, बल्कि जहां कमी नजर आए, उसे भी बेझिझक उजागर करें। उन्होंने कहा कि गलती उनकी होगी तो सुधारने की जिम्मेदारी भी उन्ही की होगी।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्रशंसा से ज्यादा जरूरी उनकी निष्पक्ष समीक्षा है। पत्रकारों की कलम व्यवस्था को आईना दिखाती है और यही लोकतंत्र की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में खामी हो या जनप्रतिनिधि से कोई चूक, पत्रकारों को बिना किसी दबाव के उसे सामने लाना चाहिए। आलोचना को विरोध नहीं, बल्कि सुधार का अवसर समझना चाहिए। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री के दौरे से विकास की उम्मीद
समारोह में विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिछोर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर काफी उम्मीदें हैं। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री पिछोर की जरूरतों को समझते हुए क्षेत्र को विकास की सौगात देंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में हुई घोषणाओं का भी उल्लेख किया।
आरक्षण पर बोले, न्यायालय का फैसला सर्वोपरि
ओबीसी के 27 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े सवाल पर विधायक ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। संविधान और न्यायालय का सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। न्यायालय का जो भी निर्णय आएगा, उसका पालन किया जाना चाहिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

