
रायपुर। न्यायाधिपति कृष्ण राम महापात्र ने सोमवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही न्यायाधिपति महापात्र छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश बन गए।
इससे पहले न्यायाधिपति कृष्ण राम महापात्र उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें राष्ट्रपति की ओर से जारी मूल वारंट की प्रति भी सौंपी और नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण भी समारोह में उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति की ओर से जारी वारंट का वाचन किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह विभाग निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा तथा हाईकोर्ट बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

