गुरुवार, 30 जुलाई 2026
Logo
Chhattisgarh

कबीर दास महज संत नहीं, महान समाज सुधारक और दूरदर्शी चिंतक भी थे: ओपी चौधरी

30 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
कबीर दास महज संत नहीं, महान समाज सुधारक और दूरदर्शी चिंतक भी थे: ओपी चौधरी
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 35 में नवनिर्मित सामुदायिक भवन 'कबीर कुटीर' का गुरुवार को लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि कबीर दास का जीवन और विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं। कबीर दास महज संत नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक और दूरदर्शी चिंतक थे, जिनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।


वित्त मंत्री ने पनिका-महंत समाज से अपने बचपन के संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज के भीतर जो प्रतिभाएं आगे बढ़ रही हैं, उन्हें प्रोत्साहित करना और अन्य युवाओं को भी आगे लाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी करने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को दिल्ली में रहकर कोचिंग प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। युवा इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। 


‘प्रतिदिन क्षेत्र के विकास कार्यों की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करते हैं’

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में पिछले ढाई-तीन वर्षों में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। अनेक बड़े विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं और विभिन्न चरणों में हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना को स्वीकृत कराने के लिए लगातार प्रयास और कठिन परिश्रम करना पड़ता है। वे प्रतिदिन क्षेत्र के विकास कार्यों की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करते हैं।


समाज की ओर से छात्रावास की मांग रखी गई 

कार्यक्रम में समाज की ओर से छात्रावास की मांग रखे जाने पर वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार सभी समाजों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास व विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने रायगढ़ में संचालित ‘प्रयास’ आवासीय संस्थान तथा कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पनिका-महंत समाज के अध्यक्ष गोपाल दास महंत सहित जिला पनिका-महंत समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें