
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के होनहार छात्र कृष्ण अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रायगढ़ के जिंदल पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण को नई दिल्ली में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता (NLEPC-2026) में उनके नवाचार ‘फ्लिप इलेक्ट्रिक आयरन फॉर चाइल्ड सेफ्टी’ के लिए तीसरा पुरस्कार मिला। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।
कृष्ण ने बच्चों को गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से जलने की दुर्घटनाओं से बचाने के लिए विशेष मॉडल तैयार किया है। इसमें ऑटो-फ्लिप तकनीक के जरिए प्रेस छोड़ने पर उसका गर्म हिस्सा ऊपर की ओर हो जाता है। साथ ही, 30 सेकंड में स्वतः बंद होने और चाइल्ड लॉक जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी दी गई हैं। कम लागत में तैयार यह मॉडल घरेलू सुरक्षा के लिहाज से उपयोगी है। छत्तीसगढ़ से प्रस्तुत करीब 80 हजार नवाचार विचारों में कृष्ण के प्रोजेक्ट ने शीर्ष 62 में जगह बनाई। उनके मॉडल को इंस्पायर मानक-2026 के संकलन में भी शामिल किया गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कृष्ण को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि कृष्ण की उपलब्धि प्रदेश के विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। मंत्री ने इस सफलता के लिए छात्र के अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को भी शुभकामनाएं दीं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

