
रायपुर। महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ओड़गी और भैयाथान विकासखंड में 13.22 करोड़ रुपए से अधिक लागत के तीन विकास कार्यों का शनिवार को शुभारंभ किया। परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क, पुल और जल संरचना का सुदृढ़ीकरण होगा। इससे आवागमन आसान होगा और कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विकासखंड ओड़गी के ग्राम हरिहरपुर (छतरंग रोड) में कागज नाला पर 419.37 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही भैयाथान विकासखंड के ग्राम सांवरावा में 136.23 लाख रुपए की लागत से जलाशय जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतापपुर–भैयाथान मुख्य मार्ग से परसापारा तक करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया। इसकी लागत 766.37 लाख रुपए है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों के जीवन में सीधा सकारात्मक परिवर्तन आएगा और भटगांव क्षेत्र विकास की नई दिशा में अग्रसर होगा। कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा आदि उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

