
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के अवसर पर प्रदेशवासियों व देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि रथयात्रा हमारी भारतीय संस्कृति, आस्था और लोक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि सभी देशवासियों को रथयात्रा की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। भगवान श्री जगन्नाथ का जीवन समरसता, सेवा, करुणा और लोककल्याण का संदेश देता है, जो हमारे सामाजिक और सार्वजनिक जीवन के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि उनके गांव में भगवान श्री जगन्नाथ का मंदिर है। बचपन से ही वह गांववासियों के साथ रथयात्रा में सहभागी होते आए हैं। यह परंपरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, सेवा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।
वित्त मंत्री ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा हमें समानता, सद्भाव और जनसेवा का संदेश देती है। उन्होंने कामना की है कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का संचार हो। प्रदेश और देश निरंतर विकास व जनकल्याण के पथ पर अग्रसर रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

