
रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को महज आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी, सामाजिक सहयोग और एक-दूसरे की मदद की संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे अभियान में अधिक से अधिक लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, एनसीसी, एनएसएस, युवा संगठनों और स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर आयोजित सेवा सेतु शिविरों में लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने तथा केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
23 सितंबर से दान उत्सव, 2 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी आयोजन
मुख्य सचिव ने बताया कि 23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकाय क्षेत्रों और 2 से 8 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें स्वच्छता, अन्न-वस्त्र दान, विद्या दान, कौशल एवं ज्ञान दान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, अंगदान-देहदान, सामाजिक जागरूकता तथा स्थानीय उत्पादन एवं महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां शामिल हैं। अभियान के तहत महा रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, महा अन्नदान, गरिमा किट वितरण, बुक ट्री, स्कूल किट और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग जैसी गतिविधियां भी होंगी। दान का लाभ अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचाने तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए।
सेवा सेतु शिविरों के आवेदनों का किया जाए समयबद्ध निराकरण
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का व्यवस्थित परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कलेक्टरों से कहा, “आप जिले के लीडर हैं”, इसलिए सभी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व करते हुए परिणाम सुनिश्चित करें। अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी गूगल शीट में दर्ज कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
गिरदावरी, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन पर भी जोर
मुख्य सचिव ने फसल गिरदावरी सर्वे में शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने तथा तहसीलदारों और पटवारियों के कार्यों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत 15 अक्टूबर तक नल कनेक्शन और उन्हें क्रियाशील करने के लक्ष्य की साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा। जरूरत पड़ने पर अन्य निर्माण विभागों के उप अभियंताओं की सेवाएं लेने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के नगरीय एवं ग्रामीण लक्ष्यों पर भी विशेष ध्यान देने और रिपोर्टिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने को कहा। मुख्य सचिव ने सभी विभागों और जिला प्रशासन को समन्वय से काम करते हुए सेवा संकल्प अभियान को स्थायी जनभागीदारी और सेवा भावना का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ से 10 हजार पौधों का लक्ष्य
‘हरित छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से जोड़कर स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

