
रायपुर। सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती पर जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मनेन्द्रगढ़ स्थित एमसीबी जिला नेत्रहीन, विकलांग शिक्षण-प्रशिक्षण विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर बच्चों से पढ़ाई, भोजन, आवास और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
बच्चों ने स्वागत गीत, संगीत के साथ रामायण पाठ और सुंदरकांड की चौपाइयां प्रस्तुत कीं। साथ ही जीव-जंतुओं की आवाजें निकालकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा से प्रभावित मंत्री नेताम ने कहा कि वे किसी से पीछे नहीं हैं और अपनी कला व प्रतिभा को बड़े मंच तक ले जाएं।
मंत्री राम विचार नेताम ने संस्था के संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बच्चों को साउंड सिस्टम बॉक्स तथा फल-फूल भी भेंट किए। संस्था की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए शौचालय, पेयजल, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
राशि बढ़ाने की मांग मंत्री के सामने रखी
प्राचार्य संतोष चढ़ोकर ने संस्था की आर्थिक कठिनाइयों, शिक्षकों के वेतन में वृद्धि और बच्चों के भरण-पोषण के लिए मिलने वाली 600 रुपये की राशि बढ़ाने की मांग मंत्री के सामने रखी। मंत्री ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम को विद्यालय का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बच्चों की संगीत और गायन प्रतिभा को संस्था तक सीमित न रखकर उन्हें बड़े मंच उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान इनकी रही मौजूदगी
मंत्री के निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

