मंगलवार, 26 मई 2026
Logo
Chhattisgarh

मंत्री लखन लाल देवांगन ने पड़ोसी राज्यों से आने वाली शराब पर रोक लगाने के दिए निर्देश

26 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मंत्री लखन लाल देवांगन ने पड़ोसी राज्यों से आने वाली शराब पर रोक लगाने के दिए निर्देश
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रदेश के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित आबकारी आयुक्त कार्यालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पड़ोसी राज्यों से आने वाली शराब पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी महीनों के लिए जिलेवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा। 


आबकारी मंत्री देवांगन ने राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों की शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन की निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मदिरा के अवैध परिवहन और बिक्री पर कोचियों के खिलाफ प्रभावी कार्य करें। सभी जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करें आबकारी उपनिरीक्षक और नीचे का अमला अवैध शराब बिक्री करने वाले के खिलाफ समझौता न करें।


आबकारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ठोस रणनीति अपनाने, दुकानवार समीक्षा करने और अनुशासन के साथ कार्य संपादन के निर्देश दिए। बैठक में वाणिज्यिक कर आबकारी विभाग सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव आबकारी देवेन्द्र भारद्वाज, आबकारी मुख्यालय, बेवरेजेस कारपोरेशन, मार्केटिंग कारपोरेशन के अधिकारियों सहित जिले से आए मैदानी अधिकारी उपस्थित थे। 


निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो

इसके अलावा विभाग में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार शराब स्टाक सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया किया शराब दुकानों में उपभोक्ताओं के मांग के अनुरूप मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो। उन्होंने अधिकारियों को दुकानों में नियम और अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। 


शराब में किसी प्रकार की मिलावट न होने पाए

मंत्री ने बैठक में अधिकारियों को इस बात की स्पष्ट हिदायत दी कि मदिरा में किसी प्रकार की मिलावट न होने पाए। इसके लिए सभी जिला अधिकारियों को समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करने और वहां पाई गई अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई और दोषी कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। 


अवैध शराब विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश

आबकारी सचिव ने प्रदेश में संचालित बारों, क्लबों, होटलों और ढाबों की आकस्मिक जांच करने व समय बाद संचालन या अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध मदिरा एवं अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, तस्करी और विक्रय पर सख्त नियंत्रण रखने हेतु आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग से सहयोग लेने के निर्देश दिए गए।







पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें