
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नन्द घरों की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को समझा। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। प्रवास के दौरान मंत्री राजवाड़े ने गांधीनगर सचिवालय में गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात भी की।
बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं, विभागीय योजनाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान गुजरात में योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
मंत्री राजवाड़े का यह दौरा दोनों राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणालियों और अनुभवों के आदान-प्रदान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं से छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं को और प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

