
रायपुर। भटगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी सड़कों की बदहाल स्थिति पर मंत्री व विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रामीणों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कलेक्टर को पत्र लिखकर सड़कों का निरीक्षण कराने, गारंटी अवधि वाली सड़कों की ठेकेदारों से मरम्मत कराने और लापरवाही पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की खराब हालत से आवागमन में हो रही परेशानी से मंत्री को अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने विभागीय सूची में शामिल सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गारंटी अवधि में आने वाली सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदार अनुबंध की शर्तों के अनुसार कराएं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मरम्मत कार्य में देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, कलेक्टर को की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन और जरूरी सेवाओं तक पहुंच के लिए अच्छी सड़कों की उपलब्धता जरूरी है। सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव में जवाबदेही तय होनी चाहिए। सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

