
रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुरुवार को सूरजपुर जिले के लटोरी क्षेत्र के हाथी प्रभावित गांवों दौरा किया। इसमें घाघिटिकरा, कल्याणपुर, खुठेनपारा और कोटबहरा शामिल हैं। मंत्री ने हाथियों की ओर से संबंधित गांवों में की गई क्षति का जायजा लिया। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार ग्रामीणों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने मौके पर ही संबंधित पटवारी से फोन पर बात की और तत्काल मुआवजा प्रकरण तैयार करने के साथ पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा या वन्यजीवों की वजह से होने वाली क्षति को गंभीरता से लिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है।
ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल
कुछ दिनों से सूरजपुर जिले के कई गांवों में हाथियों के दल ने धान के खेतों, फसलों और कुछ घरों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। मंत्री ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है कि गांवों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए। लोगों को जागरूक किया जाए। क्षति का यथाशीघ्र सर्वे कर उचित मुआवजा पीड़ितों को दिया जाए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

