शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर में छठ घाटों की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

13 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर में छठ घाटों की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश देते हुए प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।


मंत्री ने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी छठ घाट के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए। 


मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। व्रती कठिन नियमों और अनुशासन के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। इसलिए घाटों पर उनकी सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें