शनिवार, 27 जून 2026
Logo
Chhattisgarh

मंत्री राजेश अग्रवाल का डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से आग्रह- पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को आकर्षक ढंग से करें प्रस्तुत

27 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मंत्री राजेश अग्रवाल का डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से आग्रह- पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को आकर्षक ढंग से करें प्रस्तुत
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से लखनपुर (अंबिकापुर) में आयोजित मीट में संवाद किया। सभी से यह आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करें। 


मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम लोगों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी मंच बन चुका है। सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान दिलाने का सशक्त उपकरण भी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रकृति, संस्कृति, इतिहास, पुरातत्व, धार्मिक आस्था, वन्यजीव और जनजातीय जीवन का अद्भुत संगम है, जिसे पूरी दुनिया तक पहुंचाने में डिजिटल क्रिएटर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।


मंत्री ने सभी सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से आग्रह किया कि वे अपनी रचनात्मक सामग्री के माध्यम से चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर, चंद्रखुरी, दंतेवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करें। जिससे अधिक से अधिक पर्यटक छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित हों। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल किसी स्थान का प्रचार नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के रोजगार, हस्तशिल्प, लोक कला, संस्कृति और आर्थिक समृद्धि से भी सीधे जुड़ा हुआ क्षेत्र है।


रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी किया आह्वान 

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने आगामी 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी आह्वान किया। कहा कि सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से रामगढ़ महोत्सव की विशेषताओं, ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्थानीय लोक कला और पर्यटन आकर्षणों को देशभर के लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ केवल सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है और यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। 


सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स ने अभियान में सक्रिय भागीदारी का विश्वास दिलाया

सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स ने भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नवीन एवं रचनात्मक शैली में प्रस्तुत करने, सकारात्मक सामग्री तैयार करने, स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ आगामी रामगढ़ महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का विश्वास दिलाया।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें