
रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनेंद्रगढ़ के 220 बेड वाले सिविल अस्पताल और परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की स्थिति, गुणवत्ता और शेष कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर अनावश्यक देरी रोकने के निर्देश भी दिए।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि परसगढ़ी मेडिकल कॉलेज शुरू होने से एमसीबी जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं लोगों को उन्नत इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण संबंधी तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों का लाभ जनता तक जल्द पहुंचाना प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सीजीएमएससी छत्तीसगढ़ के एमडी रूपेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

